परिषदीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास व टीएलएम किट का शत-प्रतिशत प्रयोग सुनिश्चित करें : डीएम


फतेहपुर। बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न शैक्षिक कार्यक्रमों के अनुश्रवण एवं शासन द्वारा गठित टास्क फोर्स के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जनपद स्तरीय बैठक कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने परिषदीय विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प सहित अन्य बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि परिषदीय विद्यालयों में जिन पैरामीटरों पर कार्य शेष है, उन्हें शीघ्र पूर्ण कराते हुए सभी विद्यालयों को निर्धारित मानकों से संतृप्त किया जाए। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि टाईलिकरण का कार्य आगामी माह तक हर हाल में पूरा कराया जाए। यदि किसी ग्राम पंचायत में बजट की समस्या है तो संबंधित ग्राम पंचायत के साथ संयुक्त प्रस्ताव बनाकर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति पंजिका, कक्षा-वार कॉलिंग रजिस्टर, एआरपी विजिट रजिस्टर, निपुण तालिका का नियमित संधारण कराया जाए। साथ ही स्मार्ट क्लास, लाइब्रेरी और टीएलएम किट का शत-प्रतिशत प्रयोग सुनिश्चित किया जाए तथा इसके अनुपालन का प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत किया जाए। बेसिक शिक्षा अधिकारी को इसकी सतत निगरानी के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन बच्चों की उपस्थिति कम है, उनके अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें शिक्षा के प्रति जागरूक किया जाए और बच्चों को नियमित विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया जाए। कॉलिंग रजिस्टर में विद्यालय न आने का कारण भी स्पष्ट रूप से दर्ज किया जाए। उन्होंने बताया कि जिन विद्यालयों में स्मार्ट क्लास के लिए आईसीटी लैब स्थापित है, वहां डिजिटलीकरण से संबंधित प्रशिक्षण शेष होने पर उसे जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए। डिजिटल कंटेंट के माध्यम से बच्चों को रोचक और प्रभावी ढंग से शिक्षा दी जाए। डीएम ने यह भी निर्देश दिए कि जर्जर परिषदीय विद्यालय भवनों की नीलामी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद उनका शीघ्र ध्वस्तीकरण कराया जाए। पीएम श्री योजना के तहत चयनित विद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए और प्रगति रिपोर्ट फोटो सहित उपलब्ध कराई जाए। निपुण भारत मिशन के अंतर्गत कक्षा 1 से 3 तक के बच्चों को निपुण बनाने के लिए प्रत्येक माह सभी बच्चों का शत-प्रतिशत असेसमेंट कराया जाए। चिन्हित दिव्यांग बच्चों के प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से बनवाए जाएं और यदि आधार बनाने में कोई समस्या हो तो नए शासनादेश के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में चल रहे उच्चीकरण के निर्माण कार्य की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रशिक्षु आईएएस नौशीन, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, डीसी मनरेगा, अधिशासी अभियंता विद्युत, समस्त खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।