फतेहपुर। जिले के राधा नगर थाना क्षेत्र के अन्दौली पुलिया के पास गाजीपुर मंडी से गाजर बेचकर घर लौट रहे एक किसान के साथ लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। लुटेरों ने किसान की बाइक रुकवाकर उससे नकदी छीन ली और राहगीरों को आता देख जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
अन्दौली गांव निवासी किसान नसीमुद्दीन उर्फ गोरे ने बताया कि 17 फरवरी 2026 को वह गाजीपुर बाजार से गाजर बेचकर बाइक से घर लौट रहे थे। शाम करीब 7 बजे अन्दौली पुलिया के पास गांव का ही रहने वाला तनवीर पुत्र मुन्ना, जो आपराधिक प्रवृत्ति का बताया जा रहा है और जिसके खिलाफ हत्या का मुकदमा भी दर्ज है, अपने दो साथियों के साथ पहुंचा और उनकी बाइक रोक ली। आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज करते हुए किसान से 11,750 रुपये छीन लिए और आसपास लोगों को आते देख जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित किसान का आरोप है कि घटना के बाद जब वह राधा नगर थाने पहुंचा तो पुलिस ने उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की, बल्कि दबंगों के प्रभाव में आकर उसे थाने से भगा दिया गया। इससे आहत किसान ने अब उत्तर प्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। किसान नसीमुद्दीन ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक एवं जिलाधिकारी से करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उसका और उसके परिवार का जीवन खतरे में पड़ सकता है।
