अवधी फिल्म “दंश” की घोषणा, महिला सशक्तिकरण पर आधारित है कहानी



– 31 मार्च को यूट्यूब पर रिलीज होगी फिल्म, स्थानीय कलाकारों को मिला बड़ा मंच

फतेहपुर। जनपद में आयोजित पत्रकार वार्ता में अवधी फिल्म “दंश” को लेकर अहम जानकारी साझा की गई। यह फिल्म एक सशक्त महिला प्रधान विषय पर आधारित है, जिसमें समाज में महिलाओं की स्थिति, उनके संघर्ष और उनकी आवाज़ को प्रमुखता से दर्शाया गया है।
निर्माताओं ने बताया कि फिल्म “दंश” का प्रीमियर 31 मार्च 2026 को शाम 5:30 बजे एन जे फिल्म प्रोडक्शन के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा। फिल्म के माध्यम से समाज को एक मजबूत और सार्थक संदेश देने का प्रयास किया गया है। फिल्म में किरन गौतम, विनोद कॉमेडियन, सैय्यद शारिब क़मर अज़मी, अनिल मौर्या, कुलदीप विश्वकर्मा, ज्योति गुप्ता, वेद प्रकाश, रामजी श्रीवास्तव, विनोद गुप्ता, आरती गुप्ता और विकाश ओबेरॉय सहित कई कलाकारों ने अपनी अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। फिल्म का निर्देशन नदीम जावेद ने किया है, जिन्होंने बताया कि “दंश” सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि समाज को सोचने पर मजबूर करने वाला एक संदेश है। फिल्म का निर्माण एन जे फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले किया गया है। कहानी लेखन का कार्य प्रतिभा सुरेश खांडेकर ने किया है, जबकि कैमरा संचालन अनिल मौर्या और राजा कश्यप ने संभाला। पत्रकार वार्ता में फिल्म से जुड़े कलाकार, निर्माता और निर्देशक मौजूद रहे, जिन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए बताया कि इस फिल्म के लिए सभी ने कड़ी मेहनत की है और अपना शत-प्रतिशत योगदान दिया है। कलाकारों ने दर्शकों से फिल्म देखने और समर्थन देने की अपील भी की। निर्देशक नदीम जावेद ने आगे बताया कि उनका बैनर हमेशा सामाजिक विषयों पर फिल्में बनाता रहा है और आगे भी “धरती के भगवान”, “लिफाफा 2”, “नालायक 2” और “आभागिन 3” जैसी फिल्मों का निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि उनके बैनर का उद्देश्य जनपद की स्थानीय प्रतिभाओं को प्राथमिकता देना और उन्हें मंच प्रदान करना है, ताकि जिले के कलाकारों को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।