बोलेरो-ऑटो की टक्कर में दो की मौत, दो गंभीर घायल



— आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम, मौके पर पहुंची पुलिस

फतेहपुर/बिंदकी। कोतवाली बिंदकी क्षेत्र में शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बोलेरो और ऑटो की जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार जोनिहा कस्बे के पास अमौली मार्ग स्थित शहजादी नहर पुल के समीप दोपहर करीब 3:30 बजे तेज रफ्तार बोलेरो ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सवार 14 वर्षीय आर्यन पुत्र रामसागर निवासी रामदीन का पुरवा (थाना जाफरगंज) और 5 वर्षीय वंशिका पुत्री मुन्नालाल निवासी रजवा खेड़ा (जनपद उन्नाव) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं हादसे में ऑटो सवार अंकित (18) पुत्र घसीटेलाल निवासी सनिगवा रामादेवी, कानपुर तथा किरण देवी (35) पत्नी सत्यवीर निवासी अलीगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि ऑटो में कुल सात लोग सवार थे, जो कानपुर से जाफरगंज थाना क्षेत्र के कटिलिहा गांव में एक बच्चे के मुंडन संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने मौके पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए। पुलिस द्वारा यातायात बहाल कराने और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।