पत्रकार राजेन्द्र सिंह “डॉक्टरेट” की मानद उपाधि से हुए सम्मानित

लखनऊ (ब्यूरो)। पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब चार दशक की  निर्विवाद सक्रियता और दैनिक भास्कर सहित कई प्रमुख समाचार पत्रों के सम्पादक रहे, प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र बहादुर सिंह को दिल्ली में डॉक्टरेट की मानद उपाधि से नवाजा गया है। यह सम्मान उनकी बेबाक कार्यशैली और अनुभव को देखते हुए प्रदान किया गया है।
रायबरेली से 1987 में फर्श से अर्श तक पत्रकारिता का यादगार सफर तय करने वाले श्री सिंह दैनिक भास्कर, जनकदम, आज, स्वतंत्र भारत, कुबेर टाइम्स, हिंदुस्तान, जनसत्ता एक्सप्रेस और राष्ट्रीय सहारा के ब्यूरो चीफ रहे है। लखनऊ से प्रकाशित श्री टाइम्स, दैनिक भास्कर समाचार पत्र, यूपी- उत्तराखंड के संपादक के साथ-साथ हर खबर, न्यूज़ इंडिया न्यूज़ चैनल के उत्तर प्रदेश के संपादक भी रहे हैं । चार दशक की इस गौरवशाली यात्रा में सबसे खास बात दैनिक भास्कर के रायबरेली संस्करण से पत्रकारिता की शुरुआत करने वाले श्री सिंह की कर्मठता, ईमानदारी और उत्कृष्ट लेखन शैली, बेबाक वाकपटुता एवं दीर्घ अनुभव के चलते उन्हें दैनिक भास्कर अखबार के संपादक के रूप में कार्य करने का अवसर भी मिला ।
दिल्ली के एक पांच सितारा होटल में वर्ल्ड कल्चरल एंड एजुकेशनल ऑर्गनाइजेशन द्वारा बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता विंदू दारा सिंह के मुख्य आतिथ्य में उन्हें जर्नलिज्म में डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है।
देश के विभिन्न राज्यों से आए करीब 100 से अधिक अपने-अपने क्षेत्र के नामचीन अतिथियों की उपस्थिति में श्री सिंह को यह सम्मान संस्था द्वारा दिया गया है। इस गौरवशाली कार्यक्रम में करीब दो दर्जन से अधिक हस्तियों को भी सम्मान देकर उनका उत्साह वर्धन और समाज के लिए और कुछ बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। समारोह में उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार विजय शंकर पंकज सहित तमाम राजनेता उद्योगपति पत्रकार, शिक्षाविद, अधिकारी एवं महिला सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही महिलाएं एवं संस्था के पदाधिकारी मौजूद रहे।