– एंटी-रोमियो टीम ने बाजारों, स्कूलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर दिया सुरक्षा संदेश
फतेहपुर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा और जागरूकता बढ़ाने के लिए शुक्रवार को जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों और एंटी-रोमियो टीमों ने अलग-अलग जगहों पर जागरूकता अभियान चलाया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देश पर आयोजित किया गया।
टीमों ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों, चौराहों, स्कूलों, कॉलेजों, कस्बों और धार्मिक स्थलों पर जाकर लोगों को बताया कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, सुमन योजना और महिला शक्ति केंद्र योजना शामिल हैं। इसके साथ ही टीमों ने महिलाओं और लड़कियों को जरूरी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी और पंपलेट बांटे। मौके पर मोबाइल के जरिए 112 आपातकालीन सेवा, पैनिक बटन, और अन्य सुविधाओं का डेमो भी दिखाया गया। टीमों ने 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन, 1076 सीएम हेल्पलाइन, 102 और 108 स्वास्थ्य सेवाओं के उपयोग के बारे में भी जानकारी दी।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है।
