बकेवर व्यापार मंडल के 213 सदस्यों को वितरित किए गए प्रमाण पत्र



– व्यापारियों के हित संरक्षण का लिया गया संकल्प

फतेहपुर। उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश की संबद्ध इकाई बकेवर व्यापार मंडल द्वारा सदस्यता अभियान के अंतर्गत 213 व्यापारियों को संगठन की सदस्यता प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का आयोजन संस्थापक अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा एवं बकेवर व्यापार मंडल अध्यक्ष सुरेश दीक्षित के नेतृत्व में किया गया।
प्रमाण पत्र वितरण के दौरान संस्थापक अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा ने बकेवर क्षेत्र के व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि संगठन व्यापारियों के हितों, मान-सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है। बकेवर व्यापार मंडल अध्यक्ष सुरेश दीक्षित ने कहा कि कमेटी का शीघ्र विस्तार किया जाएगा और द्वितीय चरण में सदस्यता अभियान चलाकर 500 व्यापारियों को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रदेश संगठन मंत्री विजय कुमार सिंह, सुत्तन सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमेश सोनी, जिला महामंत्री विनोद साहू, उपाध्यक्ष प्रभाकर सिंह चौहान, बकेवर महामंत्री अखिलेश साहू, उपाध्यक्ष मोहम्मद शकील, राज तिवारी सहित बकेवर व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।