– गिरफ्तारी के तरीके पर जताया कड़ा एतराज
फतेहपुर। असोथर ब्लॉक के सरकंडी ग्राम प्रधान पुष्पा द्विवेदी की गिरफ्तारी को लेकर ब्राह्मण चेतना सेवा संस्थान ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संस्थान के पदाधिकारियों ने गिरफ्तारी की प्रक्रिया को निंदनीय बताते हुए इसे ब्राह्मण समाज का अपमान करार दिया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में संस्थान के अध्यक्ष संजय तिवारी उर्फ पप्पू तिवारी ने कहा कि भ्रष्टाचार यदि है तो वह जांच का विषय हो सकता है, लेकिन जिस तरह महिला प्रधान पुष्पा द्विवेदी को उनके घर से बिना किसी महिला आरक्षी की मौजूदगी में घसीटकर लाया गया, वह बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि यह न केवल एक महिला का अपमान है बल्कि पूरे ब्राह्मण समाज की गरिमा पर चोट है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संस्थान इस मुद्दे पर हर स्तर पर संघर्ष करेगा। संस्थान के संरक्षक राजेंद्र त्रिवेदी ने कहा कि पुलिस ने एक ब्राह्मण महिला के साथ ऐसा व्यवहार किया जैसे वह कोई डकैत हो। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला को कपड़े बदलने तक का समय नहीं दिया गया, जो मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस घृणित घटना की शिकायत मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक की जाएगी तथा न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने जिले के सभी ब्राह्मणों से एकजुट होकर इस घटना का विरोध करने की अपील की। वहीं संस्थान के प्रवक्ता देवी प्रकाश दुबे ने इसे ब्राह्मण बाहुल्य क्षेत्र में आपसी तनाव पैदा करने की राजनीतिक साजिश बताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से एक महिला की गिरफ्तारी की गई, वह स्वयं संदेह पैदा करती है और ब्राह्मण समाज इस साजिश को भली-भांति समझ रहा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में संस्थान के नगर अध्यक्ष ब्रज किशोर शुक्ला, सचिव शिवाकांत दीक्षित सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
