– थरियांव तिराहे पर बाबू कल्याण सिंह की प्रतिमा का पुनर्स्थापना कार्यक्रम आयोजित
– प्रकाश पाल ने विपक्ष पर साधा निशाना, पीडीए को बताया दिखावटी राजनीति
– कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री अजीत पाल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव एवं पूर्व विधायक विक्रम सिंह ने रखी अपनी बात
फतेहपुर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से सोमवार को थरियांव तिराहे पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह की प्रतिमा के पुनर्स्थापना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल रहे।
अपने संबोधन में प्रकाश पाल ने कहा कि श्रद्धेय बाबू कल्याण सिंह सदैव संगठन और कार्यकर्ताओं के प्रति स्नेहभाव रखने वाले नेता थे। उन्होंने विपक्षी दलों के नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग आज पीडीए-पीडीए का राग अलाप रहे हैं, वे बाबू कल्याण सिंह की अंतिम विदाई में भी शामिल नहीं हुए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या उनके पीडीए में बाबूजी नहीं आते थे। उन्होंने कहा कि बाबूजी के विचारों को मानने वाले कार्यकर्ताओं का संकल्प है कि समाज में जातिवाद को बढ़ावा देने वालों को कभी सत्ता की चाबी नहीं सौंपी जाएगी। कार्यक्रम में मौजूद प्रभारी मंत्री अजीत पाल सिंह ने कहा कि श्रद्धेय बाबू कल्याण सिंह केवल एक महान नेता ही नहीं, बल्कि हम सभी के लिए जीवन का आदर्श, धैर्य का पाठ और धर्म पथ पर अडिग रहने का साहस हैं। वहीं जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि प्रभु श्रीराम के चरणों में समर्पित बाबू कल्याण सिंह के जीवन से यह सीख मिलती है कि पद गौण होता है और कर्तव्य सर्वोपरि। उनका त्याग, संकल्प और दृढ़ आस्था आज भी सत्य और धर्म के मार्ग पर डटे रहने की प्रेरणा देती है। इसी कड़ी में पूर्व विधायक विक्रम सिंह ने कहा कि श्रद्धेय कल्याण सिंह एक युग, एक विचार और हमारे संस्कारों की अमिट धरोहर हैं, जो सदैव स्मृतियों और संकल्पों में जीवित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ भाजपा नेता अधिवक्ता माताबदल सिंह लोधी ने कहा कि रामभक्ति को जीवन, राष्ट्रधर्म को साधना और सुशासन को संस्कार बनाने वाले ‘पद्म विभूषण’ श्रद्धेय स्व. कल्याण सिंह बाबूजी की 94वीं जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन है।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय मंत्री पवन प्रताप सिंह, मनोज शुक्ला, प्रमोद द्विवेदी, मुखलाल पाल, जितेंद्र लोधी, रवीन्द्र पाल सिंह, अर्चना त्रिपाठी, अपर्णा सिंह गौतम, प्रवीण सिंह, स्वरूप राज सिंह जूली, सुशीला मौर्य, मंजू शुक्ला, बच्चा तिवारी, पंकज त्रिपाठी, विजय प्रताप सिंह, नितिन सिंह, शिवपूजन तिवारी, अजय सिंह रिंकू लोहारी, विवेक श्रीवास्तव धीरू, आचार्य कमलेश योगी, राजेश सिंह जनसेवक, बृजेश लोधी, अभिषेक शुक्ला, कमल लोधी, धनंजय द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे।
