– 50 से अधिक समाजसेवी हुए सम्मानित
फतेहपुर। युवा विकास समिति का दसवां वार्षिकोत्सव शहर के रामा श्यामा मैरिज हॉल में भव्यता और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में समाजसेवा, लोकहित और पारमार्थिकता की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली। इस अवसर पर उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए 50 से अधिक समाजसेवियों, साहित्यकारों, चिकित्सकों, पत्रकारों एवं सेवा भावियों को अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक करण सिंह पटेल ने दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राष्ट्र का भविष्य युवाओं के सर्वांगीण विकास में निहित है। युवा शक्ति ही देश की तरक्की का आधार है। श्रीराम और श्रीकृष्ण जैसे महापुरुषों ने युवा अवस्था में ही समाज और राष्ट्र को दिशा दी। इसी तरह युवा विकास समिति भी नई सोच और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ जनपद में सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि महत्वाकांक्षी जनपद फतेहपुर को एक नई पहचान दिलाई जाए, जिसमें युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी। कार्यक्रम को प्रदेश उपाध्यक्ष एवं भिटौरा ब्लॉक प्रमुख अमित तिवारी, संगठन अध्यक्ष ज्ञानेंद्र मिश्रा, संगठन प्रमुख संजय दत्त द्विवेदी, व्यापारी नेता शिवचंद्र शुक्ला, बुंदेलखंड बचाओ समिति के प्रवीण पांडेय, समाजसेवी लक्ष्मीचंद्र मोना ओमर, शिक्षक नेता अनुराग मिश्रा, ग्राम प्रधान एवं गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की मुखिया हेमलता पटेल, रिंकू लोहारी, विद्याभूषण तिवारी एवं रूपम मिश्रा सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि युवा विकास समिति के कार्यों की सफलता का कारण उनके पीछे छिपा लोकहित और निस्वार्थ सेवा का भाव है।
सम्मानित होने वालों में सुमित मिश्रा, नीतू सिंह, ज्ञान तिवारी, विनय तिवारी, धर्मेंद्र मिश्रा, अवधेश शुक्ला, अंकित शुक्ला, वीरेंद्र यादव, शिवम सिंह गौतम, राजन तिवारी, दीप लोहारी, श्याम तिवारी, अंकित अग्निहोत्री, सुशील त्रिवेदी, अमित सिंह गौर सहित अन्य सेवा भावी शामिल रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन युवा विकास समिति के जिला प्रवक्ता आलोक गौड़ ने किया, जबकि जिलाध्यक्ष कंचन मिश्रा ने अतिथियों व उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे।
